लागोस, नाइजीरिया में भा नौ पो तरकश

लागोस, नाइजीरिया में भा नौ पो तरकश

अफ्रीका, यूरोप और रूस में भारतीय नौसेना की विदेशी तैनाती के भाग के रूप में, भारतीय नौसेना पोत तरकश ने तीन दिवसीय यात्रा के लिए 05 सितंबर 2019 को लागोस, नाइजीरिया में पोर्ट कॉल किया। यह पोर्ट कॉल भारत और नाइजीरिया के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 60वीं वर्षगाँठ मनाने के लिए निर्धारित की गई है। भा नौ पो तरकश, जिसकी कमान कैप्टेन सतीश वासुदेव के हाथों में है, भारतीय नौसेना के सबसे असरदार सीमावर्ती फ्रिगेट्स में से एक है जिसमें तरह-तरह के हथियार और सेंसर लगे हुए हैं। यह पोत भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े का एक हिस्सा है और मुंबई स्थित पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के संचालन कमान के अंतर्गत आता है।

पोर्ट कॉल के दौरान, नाइजीरिया के विभिन्न गणमान्य लोग और सरकारी अधिकारी पोत का दौरा करेंगे। दोनों देशों के बीच सहयोग को बढ़ाने की दिशा में नाइजीरियाई नौसेना के साथ पेशेवर बातचीत की योजना बनाई गई है। सामाजिक कार्यक्रमों और खेलकूद प्रतियोगिताओं के अलावा, दोनों नौसेनाओं के बीच सर्वश्रेष्ठ अभ्यास भी साझा किए जाएंगे। यह पोत स्थानीय आबादी के लिए नाइजीरियाई नौसेना के चिकित्सकों के साथ-साथ एक चिकित्सा शिविर का भी आयोजन करेगा। 08 सितंबर 2019 को तरकश एनएनएस यूनिटी के साथ समुद्र में मार्ग अभ्यास का भी आयोजन करेगा, जिससे दोनों नौसेनाओं के बीच इंटरऑपरेबिलिटी में वृद्धि होगी।

नाइजीरिया और भारत के पारंपरिक रूप से अच्छे और दोस्ताना संबंध रहे हैं, साथ ही यह देश लोकतंत्र, विकास और धर्मनिरपेक्षता पर समान विचार रखते हैं। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए असंख्य द्विपक्षीय समझौते मौजूद हैं। भारतीय सशस्त्र बल द्वारा भारत में रक्षा प्रशिक्षण संस्थाओं में नाइजीरिया की सेना के जवानों के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कोर्स का आयोजन भी किया जाता है। यह बहुत ही सम्मान की बात है कि नाइजीरिया के राष्ट्रपति महामहिम मुहम्मदु बुहारी भारत में वेलिंग्टन (तमिलनाडु) स्थित डिफेंस सर्विसेस स्टाफ कॉलेज के 29वें स्टाफ कोर्स के भूतपूर्व छात्र हैं और नाइजीरियाई नौसेना के नौसेनाध्यक्ष, वाइस एडमिरल इबोक एक्वे इबस ने भी 1983-84 में कोच्चि में भारतीय नौसेना के साथ आरंभिक प्रशिक्षण पूरा किया था।

'ब्रिड्जस ऑफ़ फ्रेंडशिप' के निर्माण और मित्र देशों के साथ अंतर्राष्ट्रीय सहयोग मजबूत करने के भारतीय नौसेना के मिशन के भाग के रूप में भारतीय नौसेना के पोत नियमित रूप से विदेशों में तैनात किए जाते हैं।

  • https://www.indiannavy.nic.in/
Back to Top