भारत और बांग्‍लादेश की नौसेनाओं ने कॉरपेट और बोंगोसागर अभ्यास का संचालन किया

भारतीय नौसेना और बांग्‍लादेश की नौसेना के बीच द्विपक्षीय अभ्‍यास बोंगोसागर-23 का 4वां संस्‍करण और दोनों नौसेनाओं द्वारा समन्वित गश्‍त (सी.ओ.आर.पी.ए.टी.) का 5वां संस्‍करण 7-9 नवंबर, 2023 तक उत्‍तरी बंगाल की खाड़ी में आयोजित किया गया। दोनों नौसेनाओं के जहाजों और विमानों ने अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आई.एम.बी.एल.) के साथ संयुक्त गश्त की, और बाद में पारस्परिकता बढ़ाने के लिए समुद्री अभ्यास किया।

भारतीय नौसेना के जहाजों कुठार, किल्टन और समुद्री गश्ती विमान (एम.पी.ए.) डोर्नियर ने बांग्लादेश नौसेना के जहाजों अबू बकर, अबू उबैदा और एम.पी.ए. के साथ अभ्यास में भाग लिया। जहाजों ने संचार ड्रिल, सतह बंदूक गोलीबारी, सामरिक युद्धाभ्यास और अन्य अभ्यास किए, जो स्टीम पास्ट के साथ समाप्त हुए। कॉरपेट-23 में दोनों नौसेनाओं के बीच पहली बार किए गए मानवीय सहायता और आपदा राहत (एच.ए.डी.आर.) अभ्यास भी शामिल थे, जिसमें समुद्र में खोज और बचाव परिदृश्य का प्रयोग किया गया। नियमित द्विपक्षीय अभ्यास और समन्वित गश्त ने दोनों नौसेनाओं के बीच आपसी समझ और सहयोग को मजबूत किया है।

भा.नौ.पो. कुठार एक स्वदेशी रूप से निर्मित निर्देशित मिसाइल कार्वेट है, जबकि भा.नौ.पो. किल्टन एक स्वदेशी रूप से निर्मित पनडुब्बी रोधी कार्वेट है। दोनों जहाज विशाखापट्टनम स्थित भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े का हिस्सा हैं, जो फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ पूर्वी नौसेना कमान की परिचालन कमान के तहत कार्य करता है।

  • भारत और बांग्‍लादेश की नौसेनाओं ने कॉरपेट और बोंगोसागर अभ्यास का संचालन किया
  • भारत और बांग्‍लादेश की नौसेनाओं ने कॉरपेट और बोंगोसागर अभ्यास का संचालन किया
  • भारत और बांग्‍लादेश की नौसेनाओं ने कॉरपेट और बोंगोसागर अभ्यास का संचालन किया
  • भारत और बांग्‍लादेश की नौसेनाओं ने कॉरपेट और बोंगोसागर अभ्यास का संचालन किया
Back to Top