भा नौ पो तबर सद्भावना दौरे पर रूस के सेंट पीटर्सबर्ग पहुँचा

भारतीय नौसेना पोत तबर पाँच दिवसीय सद्भावना दौरे के तहत और रूसी नौसेना के 325वें नौसेना दिवस समारोह में भाग लेने के उद्देश्य से 22 जुलाई 2021 को सेंट पीटर्सबर्ग पहुँचा। भारत और रूस के बीच ख़ास द्विपक्षीय संबंध हैं जो कई दशकों पुराने हैं। इनमें दोनों नौसेनाओं के बीच घनिष्ठ सैन्य संबंध और मजबूत सहयोग शामिल हैं।

भा नौ पो तबर, तलवार श्रेणी की स्टेल्थ फ़्रिगेट है जो भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े का एक हिस्सा है जो पश्चिमी नौसेना कमान के तहत मुंबई स्थित है। संयोग से, इस पोत का निर्माण भारतीय नौसेना के लिए रूस में किया गया था और इसे अप्रैल 2004 में सेंट पीटर्सबर्ग में कमीशन किया गया था। वर्तमान में इस पोत की कमान कैप्टन महेश मांगीपुडी कर रहे हैं और उनकी सहायता में 300 से अधिक कर्मचारी जुटे हुए हैं। यह पोत अनेक प्रकार के हथियारों और सेंसरों से लैस है और यह पोत भारतीय नौसेना की आरंभिक स्टेल्थ फ़्रिगेट में से एक है।

25 जुलाई 2021 को रूसी नौसेना दिवस परेड के दौरान, भा नौ पो तबर पोतों की उस कतार में शामिल होगा जिसकी समीक्षा रूसी संघ के राष्ट्रपति करेंगे। तबर पर सवार भारतीय नौसेना बैंड भी समारोह के दौरान सिटी परेड में भाग लेगा। इसके अलावा, सेंट पीटर्सबर्ग में वक्त बिताने के दौरान, तबर का चालक दल रूसी नौसेना के साथ विभिन्न द्विपक्षीय व्यावसायिक गतिविधियों में भाग लेगा। इसके बाद दोनों नौसेनाओं के बीच नौसैनिक अभ्यास किए जाएंगे। ऐसा भारतीय नौसेना और रूसी नौसेना के बीच पहले से चले आ रहे नौसेना अभ्यासों के तहत किया जाएगा, जिसका नाम है इंद्रा। बंदरगाह की गतिविधियों और समुद्र में अभ्यास का उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच पुराने संबंधों को और मजबूत बनाना है। इस प्रकार की गतिविधियों का उद्देश्य समुद्री सुरक्षा को और मजबूत बनाना और समुद्री ख़तरों के विरुद्ध संयुक्त अभियान आयोजित करना है। ये गतिविधियां दोनों पक्षों को एक दूसरे की नौसेना में 'सर्वश्रेष्ठ अभ्यास' देखने और उनका पालन करने का भी अवसर प्रदान करेंगी।

  • भा नौ पो तबर सद्भावना दौरे पर रूस के सेंट पीटर्सबर्ग पहुँचा
  • भा नौ पो तबर सद्भावना दौरे पर रूस के सेंट पीटर्सबर्ग पहुँचा
Back to Top