मिस्र के एलेक्जेंड्रिया में भारतीय नौसेना पोत तर्कश

मिस्र के एलेक्जेंड्रिया में भारतीय नौसेना पोत तर्कश

मिस्र के साथ भारत के संबंधों के प्रति वचनबद्धता और भारतीय नौसेना के बढ़ते पदचिह्नों और परिचालन पहुंच का प्रदर्शन करते हुए, भारतीय नौसेना का पोत तर्कश 28 जून 2019 को पश्चिमी बेड़ा विदेशी तैनाती कार्यक्रम के भाग के रूप में तीन दिवसीय यात्रा पर एलेक्जेंड्रिया पहुंचा।

इस यात्रा के दौरान, दोनों सेनाओं के बीच सहयोग को और बढ़ाने की दिशा में मिस्र की नौसेना के साथ व्यावसायिक बातचीत की योजना बनाई गई है। इसके अलावा, दोनों नौसेनाओं के बीच संबंधों और पारस्परिक समझ को मजबूत करने के लक्ष्य से सरकार और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट, सांस्कृतिक बातचीत, पोतों के कर्मचारियों को एक दूसरे के पोत का दौरा और सर्वश्रेष्ठ अभ्यासों को साझा करने की योजना भी बनाई गई है।

भारत और मिस्र दुनिया की दो सबसे पुरानी सभ्यताएं हैं। भारत और मिस्र के बीच मौजूद समृद्ध और पुराने संबंधों को मजबूती देते हुए, दोनों देशों के अनेक क्षेत्रों में संबंध बढ़ाए हैं। दोनों देशों के बीच सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए असंख्य द्विपक्षीय समझौते मौजूद हैं। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान पर होने के कारण मिस्र को अफ्रीका, एशिया और यूरोप से निकट होने का अनूठा फायदा मिलता है। लाल सागर से गुज़रते हुए मिस्र में स्वेज़ नहर के माध्यम से संचार की महत्वपूर्ण समुद्री लाइनें भूमध्य सागर में प्रवेश करती हैं।

इस मौजूदा दौरे से मित्र देशों के साथ शांतिपूर्ण मौजूदगी और सौहार्द पर बल देने और, विशेष रूप से भारत और मिस्र के बीच दोस्ती के मौजूदा संबंधों को मजबूत करने का प्रयास किया गया है।

कैप्टेन सतीश वासुदेव की कमान में तर्कश भारतीय नौसेना का एक अत्याधुनिक युद्धपोत है जो सभी तीन आयामों से आने वाले खतरों से निपटने में सक्षम हथियारों और सेंसरों की बहुमुखी रेंज से लैस है। ये पोत भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े का एक भाग है और मुंबई स्थित पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ के परिचालन कमान के तहत आता है।

  • https://www.indiannavy.nic.in/
  • https://www.indiannavy.nic.in/
  • https://www.indiannavy.nic.in/
Back to Top