भा नौ पो तरकश वाल्विस बे, नामीबिया में

भा नौ पो तरकश वाल्विस बे, नामीबिया में

अफ्रीका, यूरोप और रूस में भारतीय नौसेना की विदेशी तैनाती के क्रम में, भारतीय नौसेना पोत तरकश ने तीन दिवसीय यात्रा के लिए 15 सितंबर 2019 को वाल्विस बे, नामीबिया में पोर्ट कॉल किया। वाल्विस बे में भा नौ पो का पोर्ट कॉल नामीबिया के साथ भारत के अच्छे संबंधों और मित्र देशों के साथ परिचालन संपर्क, समुद्री सुरक्षा और एकजुटता को बढ़ाने की इसकी वचनबद्धता का प्रदर्शन है।

कैप्टन सतीश वासुदेव की कमान में भा नौ पो तरकश भारतीय नौसेना का एक अत्याधुनिक युद्धपोत है जो तीनों ओर से आने वाले खतरों से निपटने वाले विविध प्रकार के हथियारों और सेंसरों से लैस है। यह पोत भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े का एक हिस्सा है और इसका परिचालन नेतृत्व मुंबई स्थित पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ द्वारा किया जाता है।

इस दौरे के दौरान, पोत के कमान अधिकारी नामीबियाई नौसेना प्रमुख सहित नामीबिया के गणमान्य लोगों और वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों से भेंट करेंगे। दोनों सेनाओं के बीच सहयोग को और बढ़ाने की दिशा में नामीबियाई नौसेना के साथ पेशेवर बातचीत की योजना बनाई गई है। इसके अलावा, सामाजिक गतिविधियों का आयोजन, एक दूसरे के पोतों का दौरा, खेलकूद के कार्यक्रम और सर्वश्रेष्ठ अभ्यासों से जुड़ी जानकारी भी साझा की गई।

भारत और नामीबिया के अच्छे और दोस्ताना द्विपक्षीय संबंध रहे हैं और वे लोकतंत्र, विकास और धर्मनिरपेक्षता के समान मूल्य साझा करते हैं। दोनों देशों के बीच सहयोग और सैन्य आदान-प्रदान के लिए अनेक द्विपक्षीय समझौते किए गए हैं। रक्षा सहयोग के भाग के रूप में, अनेक वर्षों से भारत विभिन्न सैन्य संस्थाओं में नामीबियाई सैन्य अधिकारियों को प्रशिक्षण सहायता देता आ रहा है।

भारतीय नौसेना के पोतों को भारतीय नौसेना के 'दोस्ती के संबंध' का निर्माण करने के मिशन के भाग के रूप में और मित्र देशों के साथ अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने और साथ ही दुनिया भर में समुद्र से जुड़ी चिंताओं से निपटने के लिए नियमित रूप से तैनात किया जाता है। मौजूदा दौरा मित्र देशों के साथ भारत की शांतिपूर्ण उपस्थिति और एकजुटता और विशेष रूप से भारत और नामीबिया के बीच दोस्ती के मौजूदा संबंधों को मजबूत करने पर बल देता है।

  • https://www.indiannavy.nic.in/
Back to Top